
गंगा दशहरा 25 मई को है, लेकिन उससे पहले ही तीर्थनगरी हरिद्वार में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। बुधवार रात से ही देश के विभिन्न प्रांतों से लाखों श्रद्धालुओं का हरिद्वार पहुंचना शुरू हो गया है। हरकी पैड़ी समेत सभी प्रमुख घाटों पर श्रद्धालु मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण हरिद्वार के बाजारों में रौनक लौट आई है। होटल, धर्मशालाएं एवं लॉज पूरी तरह से पैक हैं। अपर रोड, मोती बाजार, बड़ा बाजार सहित सभी प्रमुख बाजारों में देर रात तक चहल-पहल देखी जा रही है। प्रसाद, पूजा सामग्री, वस्त्र एवं खान-पान की दुकानों पर भारी भीड़ उमड़ रही है।

व्यापारियों का कहना है कि वैशाखी के बाद इस सीजन में गंगा दशहरा पर ही बाजार में इतनी रौनक देखने को मिली है। श्रद्धालुओं के आगमन से व्यापारियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही है। प्रशासन ने भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। मेला क्षेत्र को 2 सुपर जोन, 11 जोन एवं 27 सेक्टरों में बांटा गया है। सभी घाटों पर पुलिस एवं पैरामिलिट्री फोर्स तैनात है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 6 स्पेशल ट्रेनें भी संचालित की जा रही हैं।इस वर्ष अधिकमास में गंगा दशहरा पड़ने के कारण श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। मान्यता है कि इस दौरान गंगा स्नान एवं दान-पुण्य का कई गुना फल मिलता है।
